Thursday, 2 February 2017

गुरुवायुर मन्दिर केरल



गुरुवायुर श्री कृष्ण मन्दिर  केरल -

भगवान श्री कृष्ण को समर्पित गुरुवायुर मन्दिर कोच्चि से लगभग 80 किलोमीटर दूर थ्रिसुर जनपद में स्थित एक अत्यन्त महत्वपूर्ण तीर्थस्थल है जहाँ असंख्य श्रद्धालु प्रतिदिन दर्शन हेतु आते हैं ! यह  तीर्थस्थल भूलोक का वैकुण्ठ भी माना जाता है ! मन्दिर  के गर्भगृह में भगवान श्री कृष्ण के बालरूप की दिव्य, अत्यंत प्रभावशाली एवं मनमोहक चतुर्भुज प्रतिमा स्थापित  है जिनकी  परम्परागत  रूप से प्रतिदिन  पूजा  अर्चना  की  जाती  है !
मन्दिर में दर्शन हेतु आए भक्तजनों की  सदैव एक लम्बी कतार लगी रहती है !अनेक श्रद्धालु मन्दिर में  प्रवेश से पूर्व मन्दिर परिसर से सटे  तालाब में स्नान करते है ! वरिष्ठ  नागरिकों की सुविधा के लिये एक पृथक लाइन की व्यवस्था भी है ! पुरुषों एवं स्त्रियों के लिये ड्रैस-कोड है जिसका श्रद्धालुओं को पालन करना होता है !
ऐसी मान्यता है कि यह मूर्ति अत्यन्त प्राचीन है तथा द्वापर युग में श्री वसुदेव एवं माता देवकी इनकी पूजा करती थी जो कालान्तर में भगवान श्री कृष्ण के पास द्वारिका में उपलब्ध रही ! भगवान श्री कृष्ण ने  लीला समाप्त करने के उपरांत अपने निज धाम जाने से पुर्व अपने घनिष्ठ मित्र ऊद्धव से यह कहा कि द्वारिका नगरी अब शीघ्र ही समुद्र में समा जाएगी  परन्तु आपको इस प्रतिमा को समुद्र के पानी  से निकाल कर देवताओं  के गुरु बृहस्पति देव  को उपलब्ध करा देनी होगी जो इसे उचित स्थान पर स्थापित करेंगे क्योंकि आने वाले समय एवं कलियुग में श्रद्धालु इस मूर्ति  के दर्शन से अपने समस्त कष्टो से मुक्ति पा सकें !
ऊद्धवजी द्वारा भगवान श्री कृष्ण के कथनानुसार यह प्रतिमा प्राप्त करने तथा  गुरु बृहस्पति  को उपलब्ध करा दिए जाने के उपरान्त बृहस्पतिदेव वायुदेव के साथ इस मूर्ति की स्थापना के लिये उपयुक्त स्थान चयन करने हेतु भ्रमण पर निकले ! जब इन देवों ने यहाँ एक अत्यन्त सुन्दर तालाब जिसमे विभिन्न रंगों के अनेक कमल खिले हुए थे ,के समीप यह  मनोरम स्थल देखा तो उन्हें यह स्थान सबसे उपयुक्त लगा परन्तु यहाँ पहुँचने पर उनके द्वारा यह पाया गया  कि इस स्थान पर भगवान शिव एवं माता पार्वती निवास कर रहे हैं !बृहस्पतिदेव एवं वायुदेव द्वारा भगवान शिव को प्रणाम कर जब अपने उद्देश्य के बारे में बताया गया तथा इस मूर्ति की स्थापना के लिये उपयुक्त स्थान की जानकारी देने हेतु निवेदन किया गया तो भगवान शिव ने उन्हें बताया की मूर्ति की स्थापना के लिये सबसे अधिक उपयुक्त स्थान यही है तथा आप लोग इस मूर्ति को इसी स्थान पर स्थापित करें एवं इसके उपरान्त भगवान शिव एवं माता पार्वती तालाब के दूसरी  ओर तपस्या हेतु प्रस्थान कर गए ! तालाब के दुसरे छोर पर भगवान शिव का एक भव्य एवं सुन्दर मन्दिर  मम्मियुर  नाम से स्थापित है तथा मान्यता है कि इस तीर्थ स्थल की यात्रा  तभी सम्पूर्ण मानी जाती है जब श्रद्धालु मम्मियुर मन्दिर में  जा  कर भगवान शिव एवं माता पार्वती  के भी दर्शन  करें ! ऐसी मान्यता है कि भगवान शिव द्वारा दिये गये मार्गदर्शन के उपरान्त विश्वकर्मा द्वारा यहाँ भगवान श्री कृष्ण की  प्रतिमा की स्थापना हेतु इस भव्य मन्दिर की रचना  की गयी  तथा चूँकि बृहस्पतिदेव  एवं वायुदेव द्वारा मन्दिर हेतु यह स्थल चयनित  किया  गया था अतः यह मंदिर कालान्तर में  गुरुवायुर श्री कृष्ण मन्दिर के नाम से प्रसिद्ध हुआ !
मन्दिर में भगवान श्री कृष्ण की पूजा अर्चना पारम्परिक तरीकों एवं विधिविधान  से की जाती है ! मान्यता है कि मन्दिर में पूजा अर्चना के  विधिविधान आदि शंकराचार्य द्वारा निर्धारित किये गये थे जिनका अभी भी पालन किया जाता है !  मन्दिर प्रातः 3.00  बजे खुलता है  तथा अपरान्ह 12.30  पर बन्द होता है  परन्तु इस के मध्य भगवान के  स्नान, वस्त्र धारण करने व  भोग आदि परम्पराओं के लिए कुछ समय के लिए मन्दिर के पट  बंद किये जाते हैं ! सायं काल मन्दिर 4.30 बजे खुलता है तथा रात्रि 9.30 पर बन्द होता है परन्तु इस के मध्य भी  भगवान की पूजा  व  भोग आदि परम्पराओं हेतु  कुछ समय के लिए मन्दिर के पट  बंद किये जाते हैं !मन्दिर में मोबाइल फ़ोन ,कैमरा आदि ले जाना निषेध है ! भगवान  की उत्सव मूर्ती को जब हाथी पर विराजित कर शोभा यात्रा निकाली जाती है तो श्रद्धालु इस भव्य यात्रा में  सम्मलित होना अपना सौभाग्य मानते हैं ! सूर्यास्त के उपरान्त गुरुवायुर मन्दिर तथा मम्मियुर मन्दिर दोनों ही जब  दीप मालाओं से प्रकाशित किये जाते है तब सभी श्रद्धालुओ के लिये यह दृश्य अत्यंत अलौकिक एवं मनोरम  होता है ! 






No comments:

Post a Comment