Thursday, 17 January 2019

चित्रकूट

चित्रकूट ,उत्तरप्रदेश -

चित्रकूट, इलाहाबाद  से लगभग १२५ कि. मी.  की  दूरी पर  उत्तर प्रदेश  एवं मध्य प्रदेश की सीमा पर स्थित
एक अत्यन्त महत्वपूर्ण तीर्थ स्थल है !
चित्रकूट की  विन्ध्य पर्वत श्रृंखलाओं में स्थित कामद गिरि आस्था  का मुख्य केन्द्र एवं  एक अत्यन्त पवित्र  स्थल है जहाँ प्रभु राम ने माता सीता एवं लक्ष्मणजी  के साथ बनवास के चौदह वर्षो में लगभग ग्यारह वर्ष व्यतीत किये थे !
चित्रकूट में कामद गिरि की परिक्रमा का विशेष महत्व है! परिक्रमा में प्रथम स्थल मुखारबिंद है, इस के उपरान्त  परिक्रमा में छोटे बड़े अनेक मन्दिर मिलेंगे ! कामद गिरि जी की परिक्रमा में आप उस स्थान का दर्शन भी  कर सकेंगे जहाँ भगवान श्री राम, भरतजी से मिले थे! ऐसी मान्यता है की इस भावुक मिलन के समय पर् यहाँ के पत्थर भी द्रवित हो गये थे जिसके फलस्वरूप इस पर्वत के पत्थरो पर भगवान श्री राम व  भरतजी के चरण-चिन्ह बन गए जो अभी भी देखे जा सकते है ! मान्यता है कि कामद गिरी के दर्शन मात्र  से ही सभी प्रकार के दुःख दोष  दूर हो जाते !
            कामद गिरि के समीप ही लक्ष्मण-पहाड़ी है, जिस के बारे में  ऐसी मान्यता है कि श्री  लक्ष्मणजी यही बैठ कर रात्रि  में पहरा देते थे ! 
चित्रकूट  से लगभग 15 कि. मी की दूरी  भरत कूप  मन्दिर  में  एक  महत्वपूर्ण कूप है जिसका धार्मिक  महात्म भी है !ऎसी मान्यता है कि जब प्रभु राम चौदह वर्षो  के बनवास  को काटने चित्रकूट आये थे एवं तदुपरांत भरतजी उनको मनाने जब चित्रकूट आये थे तो प्रभु के राज्याभिषेक हेतु वह  अपने साथ समस्त तीर्थो  का जल भी लाये थे परतु जब प्रभु राम अयोध्या वापस जाने को तैयार  नहीं हुए  तो भरतजी  निराश  हो गए और  वह जो  जल -सामग्री  प्रभु के  राज्याभिषेक  के लिए लाये थे उसको उनके द्वारा इसी कूप में छोड़ दिया गया था! अन्ततः भरतजी प्रभु के खड़ाऊ  ले कर परिवार सहित अयोध्या वापस लौट  गये थे ! 
जंगलो के मध्य स्थित  सती  अनसूया (अत्रि) आश्रम भी एक महत्वपुर्ण धार्मिक स्थल है    जिस  के समीप से प्रवाहित होने वाली  मन्दाकिनी नदी अत्यंत पवित्र मानी  जाती है!  आश्रम में ऋषि अत्रि, माता अनसुइया एवं भगवान दत्तात्रेय  की मुर्तिया भी स्थापित हैं! मान्यता है कि  प्रभु राम  माता सीता के साथ जब  सती  अनसूया से मिलने इस आश्रम आये थे तब  सती  अनसूया ने  माता सीता को अनेक  शिक्षाएँ दी थी !
मन्दाकिनी नदी के तट  पर स्थित राम घाट  पर आप स्नान-ध्यान  करने के अतिरिक्त नौका  विहार  का भी आनंद उठा सकते हैं ! यह स्थान (घाट) चित्रकूट में आध्यात्मिक व धार्मिक गतिविधियों का सदैव एक प्रमुख स्थल रहा है ! मन्दाकिनी नदी के समीप स्फटिक शिला भी  प्रभु राम के  बनवास अवधि की एक महत्वपुर्ण धरोधर  है !       
      चित्रकूट से  लगभग १८ कि. मी. की  दूरी पर  प्राचीन ग़ुफ़ाओं में स्थित गुप्त गोदावरी भी एक महत्वपुर्ण दर्शनीय स्थल है !
चित्रकूट आने वाले बहुत से श्रद्धालु  हनुमान धारा तथा इसके समीप स्थित सीता रसोई के दर्शन  भी करते  हैं !
हनुमान धारा, राम घाट से लगभग ४ कि. मी. दूर एक पहाड़ी  पर स्थित है जहां हनुमान जी की एक भव्य मूर्ति के समीप स्वच्छ जल की एक धारा निकलती है ! ऐसी मान्यता है की जब  लंका में  हनुमानजी की पूंछ  में आग  लगा दिए जाने के उपरांत  उनके द्वारा लंका जला दी गयी थी, तब उसके  बाद  प्रभु राम की प्रेरणा से हनुमानजी ने अपनी पूंछ की जलन इसी जलधारा से शांत की थी !

Tuesday, 10 April 2018

रामेश्वरम ,तामिलनाडु

Image result for rameshwaram free pictures
रामेश्वरम मंदिर

रामेश्वरम , तामिलनाडु -

तामिलनाडु  राज्य मेँ  चेन्नई  से  लगभग 560  किलोमीटर की दूरी  पर , बंगाल की खाड़ी के एक द्वीप  में  स्थित रामनाथस्वामी मन्दिर हिन्दुओ के चार धाम  में  सम्मलित एक अत्यंत महत्वपूर्ण तीर्थ स्थल है जहाँ  भगवान श्री राम द्वारा त्रेता युग में पूजित  अदभुत शिव लिँग के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त होता है ! मन्दिर का निर्माण द्रविड़ शैली में किया गया है जिसमे १२१२ अत्यंत सुन्दर व  विविध रंगो के स्तंभो  पर विश्व के  सबसे बड़े गलियारे   निर्मित किये  गये  है ! यह मन्दिर देश में विभिन्न स्थानों पर  स्थापित   द्वादश ज्योतिर्लिंग  में भी प्रमुख माना  गया  है ! भारत के दक्षिण में  समुद्र  के समीप यह मंदिर अत्यंत प्राचीन , भव्य  एवं  विस्तृत है !
मुख्य  मन्दिर  में प्रवेश एवं  दर्शन से पूर्व, प्रचलित मान्यता के अनुसार श्रद्धालुओं को  पहले इस तीर्थ में स्थित बाईस  कुंड  के जल से क्रमवार स्नान करना होता है ! यह सभी कुंड मीठे जल के हैं ! ऎसी मान्यता है कि  भगवान राम ने  कैलाश  पर्वत से  उपयुक्त शिवलिंग  को लाने  का दायित्व हनुमानजी  को  सौंपा था  परन्तु हनुमानजी  को  शिवलिंग लाने में कुछ विलम्ब होने  तथा यह दृष्टिगत रखते हुए कि  शिवलिंगकी स्थापना एवं पूजन शुभ महूर्त  में ही सम्पादित हो जाये , भगवान श्रीराम की प्रेरणा से माता सीता द्वारा समुद्र के समीप उपलब्ध बालू से ही शिवलिंग का निर्माण कर दिया गया था जो मंदिर के मुख्य गर्भ गृह में स्थापित ज्योतिर्लिंग है ! तदुपरांत जब हनुमानजी शिवलिंग ले कर पूजास्थल पर पहुंचे तो  भगवान श्री राम द्वारा हनुमानजी की भावनाओ  को ध्यान में रखते हुये ,उनके द्वारा लाये  शिवलिंग  को  भी  इसी  मंदिर परिसर  में  स्थापित कर दिया गया !  मन्दिर  परिसर में माता पार्वती  का भी एक भव्य मन्दिर  स्थापित है जिनका दर्शन एवं आशीर्वाद  प्राप्त करना भी अनिवार्य माना  गया है ! प्रातः पाँच  बजे स्फटिक मणि के रूप में  भगवान शिव का जब  अभिषेक एवं पूजन किया जाता है तब इस अदभुत  दर्शन के लिये भी बड़ी सँख्या में श्रद्धालु एकत्रित  होते हैं !
पंबन रेल पुल 
रामेश्वरम द्वीप में स्थित अन्य महत्वपूर्ण मंदिरो में पंचमुखी हनुमानजी का मन्दिर भी दर्शनीय है ! इस  मन्दिर में  हनुमानजी  की भव्य पंचमुखी प्रतिमा के दर्शन प्राप्त होते हैं ! मान्यता यह है कि  भगवान श्री राम की प्रेरणा  से उनकी  वानर सेना में सम्मलित  नल एवं  नील आदि  वानरों ने समुद्र  पर इस द्वीप से लंका तक एक पुल का निर्माण किया गया था जिसमे जल में तैरने /न डूबने  वाले पत्थरो  का प्रयोग किया गया  था ! इस  मन्दिर  में आप  ऐसे जल में तैरते पत्थरो के  दर्शन का लाभ भी प्राप्त  सकते  है !
रामेश्वरम  में  मुख्य मन्दिर से लगभग  20  किलोमीटर की दुरी पर द्वीप के दूसरे  छोर पर  स्थित धनुषकोटि एक मनोरम बीच (beach) है  तथा इस स्थल तक जाने वाला रास्ता भी बहुत सुन्दर है ! इसी रास्ते पर जाते समय   सड़क से थोड़ी दूरी  पर समुद्र  के किनारे भगवान  राम को समर्पित एक अन्य मन्दिर का भी  आप दर्शन कर सकेँगे जहाँ भगवान श्री राम द्वारा रावण के भाई विभीषण  का  राज्याभिषेक  किया गया था ! इसी रास्ते पर आप को शंख, सीप व इन से  निर्मित वस्तुओ  की अनेक दुकाने भी मिलेंगी ,यदि आप इच्छुक हो तो इन वस्तुओ  को यहाँ देख अथवा खरीद भी  सकते हैं ! सॅटॅलाइट  कैमरे  से  धनुषकोटि से जाफना (श्री लंका)   तक  छोटे-छोटे द्वीपों  की  श्रृंखला, जो एक  लकीर में दीखती है , उसी को वानरों द्वारा निर्मित  राम सेतु माना  जाता है !
रामेश्वरम, तामिलनाडु के अनेक  नगरों मदुरै ,चेन्नई आदि  से रेलवे  लाइन  द्वारा जुड़ा हुआ है तथा  निकटस्त  एयरपोर्ट  मदुरै में स्थित  है ! रेल द्वारा  रामेश्वरम जाने  पर  जब रेलगाड़ी, खाड़ी  पर बने  पंबन  रेल पुल के  ऊपर  से गुजरती  है तब समुद्र  में चल रही  अनेक नौकाओँ  का अत्यन्त मनोरम दृश्य देखने  का अवसर  भी मिलता  है !




      

Thursday, 2 February 2017

गुरुवायुर मन्दिर केरल



गुरुवायुर श्री कृष्ण मन्दिर  केरल -

भगवान श्री कृष्ण को समर्पित गुरुवायुर मन्दिर कोच्चि से लगभग 80 किलोमीटर दूर थ्रिसुर जनपद में स्थित एक अत्यन्त महत्वपूर्ण तीर्थस्थल है जहाँ असंख्य श्रद्धालु प्रतिदिन दर्शन हेतु आते हैं ! यह  तीर्थस्थल भूलोक का वैकुण्ठ भी माना जाता है ! मन्दिर  के गर्भगृह में भगवान श्री कृष्ण के बालरूप की दिव्य, अत्यंत प्रभावशाली एवं मनमोहक चतुर्भुज प्रतिमा स्थापित  है जिनकी  परम्परागत  रूप से प्रतिदिन  पूजा  अर्चना  की  जाती  है !
मन्दिर में दर्शन हेतु आए भक्तजनों की  सदैव एक लम्बी कतार लगी रहती है !अनेक श्रद्धालु मन्दिर में  प्रवेश से पूर्व मन्दिर परिसर से सटे  तालाब में स्नान करते है ! वरिष्ठ  नागरिकों की सुविधा के लिये एक पृथक लाइन की व्यवस्था भी है ! पुरुषों एवं स्त्रियों के लिये ड्रैस-कोड है जिसका श्रद्धालुओं को पालन करना होता है !
ऐसी मान्यता है कि यह मूर्ति अत्यन्त प्राचीन है तथा द्वापर युग में श्री वसुदेव एवं माता देवकी इनकी पूजा करती थी जो कालान्तर में भगवान श्री कृष्ण के पास द्वारिका में उपलब्ध रही ! भगवान श्री कृष्ण ने  लीला समाप्त करने के उपरांत अपने निज धाम जाने से पुर्व अपने घनिष्ठ मित्र ऊद्धव से यह कहा कि द्वारिका नगरी अब शीघ्र ही समुद्र में समा जाएगी  परन्तु आपको इस प्रतिमा को समुद्र के पानी  से निकाल कर देवताओं  के गुरु बृहस्पति देव  को उपलब्ध करा देनी होगी जो इसे उचित स्थान पर स्थापित करेंगे क्योंकि आने वाले समय एवं कलियुग में श्रद्धालु इस मूर्ति  के दर्शन से अपने समस्त कष्टो से मुक्ति पा सकें !
ऊद्धवजी द्वारा भगवान श्री कृष्ण के कथनानुसार यह प्रतिमा प्राप्त करने तथा  गुरु बृहस्पति  को उपलब्ध करा दिए जाने के उपरान्त बृहस्पतिदेव वायुदेव के साथ इस मूर्ति की स्थापना के लिये उपयुक्त स्थान चयन करने हेतु भ्रमण पर निकले ! जब इन देवों ने यहाँ एक अत्यन्त सुन्दर तालाब जिसमे विभिन्न रंगों के अनेक कमल खिले हुए थे ,के समीप यह  मनोरम स्थल देखा तो उन्हें यह स्थान सबसे उपयुक्त लगा परन्तु यहाँ पहुँचने पर उनके द्वारा यह पाया गया  कि इस स्थान पर भगवान शिव एवं माता पार्वती निवास कर रहे हैं !बृहस्पतिदेव एवं वायुदेव द्वारा भगवान शिव को प्रणाम कर जब अपने उद्देश्य के बारे में बताया गया तथा इस मूर्ति की स्थापना के लिये उपयुक्त स्थान की जानकारी देने हेतु निवेदन किया गया तो भगवान शिव ने उन्हें बताया की मूर्ति की स्थापना के लिये सबसे अधिक उपयुक्त स्थान यही है तथा आप लोग इस मूर्ति को इसी स्थान पर स्थापित करें एवं इसके उपरान्त भगवान शिव एवं माता पार्वती तालाब के दूसरी  ओर तपस्या हेतु प्रस्थान कर गए ! तालाब के दुसरे छोर पर भगवान शिव का एक भव्य एवं सुन्दर मन्दिर  मम्मियुर  नाम से स्थापित है तथा मान्यता है कि इस तीर्थ स्थल की यात्रा  तभी सम्पूर्ण मानी जाती है जब श्रद्धालु मम्मियुर मन्दिर में  जा  कर भगवान शिव एवं माता पार्वती  के भी दर्शन  करें ! ऐसी मान्यता है कि भगवान शिव द्वारा दिये गये मार्गदर्शन के उपरान्त विश्वकर्मा द्वारा यहाँ भगवान श्री कृष्ण की  प्रतिमा की स्थापना हेतु इस भव्य मन्दिर की रचना  की गयी  तथा चूँकि बृहस्पतिदेव  एवं वायुदेव द्वारा मन्दिर हेतु यह स्थल चयनित  किया  गया था अतः यह मंदिर कालान्तर में  गुरुवायुर श्री कृष्ण मन्दिर के नाम से प्रसिद्ध हुआ !
मन्दिर में भगवान श्री कृष्ण की पूजा अर्चना पारम्परिक तरीकों एवं विधिविधान  से की जाती है ! मान्यता है कि मन्दिर में पूजा अर्चना के  विधिविधान आदि शंकराचार्य द्वारा निर्धारित किये गये थे जिनका अभी भी पालन किया जाता है !  मन्दिर प्रातः 3.00  बजे खुलता है  तथा अपरान्ह 12.30  पर बन्द होता है  परन्तु इस के मध्य भगवान के  स्नान, वस्त्र धारण करने व  भोग आदि परम्पराओं के लिए कुछ समय के लिए मन्दिर के पट  बंद किये जाते हैं ! सायं काल मन्दिर 4.30 बजे खुलता है तथा रात्रि 9.30 पर बन्द होता है परन्तु इस के मध्य भी  भगवान की पूजा  व  भोग आदि परम्पराओं हेतु  कुछ समय के लिए मन्दिर के पट  बंद किये जाते हैं !मन्दिर में मोबाइल फ़ोन ,कैमरा आदि ले जाना निषेध है ! भगवान  की उत्सव मूर्ती को जब हाथी पर विराजित कर शोभा यात्रा निकाली जाती है तो श्रद्धालु इस भव्य यात्रा में  सम्मलित होना अपना सौभाग्य मानते हैं ! सूर्यास्त के उपरान्त गुरुवायुर मन्दिर तथा मम्मियुर मन्दिर दोनों ही जब  दीप मालाओं से प्रकाशित किये जाते है तब सभी श्रद्धालुओ के लिये यह दृश्य अत्यंत अलौकिक एवं मनोरम  होता है ! 






Tuesday, 16 February 2016

श्री रंगनाथस्वामी मन्दिर श्रीरंगम -  

                                        श्री रंगनाथस्वामी अर्थात  भगवान महा विष्णु को समर्पित यह  एक अत्यंत  महत्वपूर्ण  एव भव्य मन्दिर तमिलनाडू प्रान्त के त्रिचिरापल्ली जिले  में स्थित  है ! यह भारतवर्ष का सबसे अधिक विस्तृत एवं विशाल  मन्दिर है तथा  मान्यता  है  कि 108 दिव्य देशम मे पृथ्वी पर  भगवान विष्णु  का यह  सबसे प्रिय स्थान  है !
श्रीरंगम,वस्तुतः कावेरी नदी एवं इसी नदी  की एक शाखा  के मध्य स्थित एक टापू है जो इस स्थान/टापू  पर स्थित मन्दिरो  के परिपेक्ष्य में धार्मिक दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता  है ! श्री रंगनाथस्वामी मन्दिर स्वयं में एक छोटा सा नगर है तथा  मन्दिर का  गर्भ  गृह, सात परिक्रमाओं एवं इक्कीस गोपुरम के मध्य स्थित है ! बाहरी दो परिक्रमाओं में  रेस्टोरेंट व  फल ,फूल की  दुकानें भी  स्थित हैं ! मन्दिर परिसर लगभग  156 एकड़ छेत्र में फैला  हुआ है ! मन्दिर के मुख्य प्रवेश द्वार पर स्थित  राज -  गोपुरम  भारतवर्ष  में स्थित  सबसे अधिक ऊँचा ,अति सुन्दर,  रोचक रंगो से परिपूर्ण एवं  भव्य गोपुरम है तथा इसकी  उचाई   लगभग 237 फिट  है ! मन्दिर की संचरना  एवं वास्तुशिल्प भी अत्यंत अदभुत व दर्शनीय है ! मन्दिर के गर्भ गृह में श्रद्धालुओं  को भगवान श्री रंगनाथ की काले पत्थर में  अत्यंत प्रभावशाली  एवं मनमोहक  मूर्ति के दर्शन  प्राप्त करने का सौभाग्य प्राप्त होता है! भगवान के मस्तक पर शेषजी के पाँच फनो का छत्र है तथा भगवान के चरणों के समीप प्राथना करते हुए विभीषणजी की प्रतिमा है ! मन्दिर परिसर में  स्थित एकसहस्त्र मण्डप तथा गरूड़ मण्डप कलात्मक दृष्टिकोंण से अत्यंत महत्वपूर्ण  है ! एकसहस्त्र मण्डप (Hall of one thousand pillars) के खंम्बो  पर  सुन्दर घोड़े तथा अनेको  अन्य भव्य  कलाकृतिया बनी हुई है! गरूड़ मण्डप में गरूड़जी की मूर्ति एवं स्वर्ण मंडित गरूड़ स्तम्भ भी विशेषरुप से दर्शनीय है ! मन्दिर के पुजारी जब श्री रंगनाथस्वामी  की कपूर से आरती करते हैं  तब आरती के प्रकाश में भगवान के अलोकिक दर्शन होते हैं ! इसी  परिसर में माता  श्री रंगनायकी जी का भी एक भव्य मन्दिर है जिनके दर्शन  भी श्रद्धालु परम्परागत रूप से करते हैं !
         ऐसी मान्यता है कि जब  भगवान राम लंका में विजय प्राप्त  कर अयोध्या  वापस  आये थे और श्रीराम का  अयोध्या के राजा  के रूप में राजतिलक  सम्पन्न हुआ तो  इस  समारोह में विभीषण  भी सम्मलित हुये थे ! समारोह के पश्चात  विभीषण ने अपने देश  लंका  को प्रस्थान  करने के समय प्रभु श्रीराम से उनकी भक्ति का आशीर्वाद माँगा तो श्रीराम ने रघुवंश में पूजित भगवान विष्णु की यह  प्रतिमा उनको प्रदान  कर दी ! मान्यता है कि पूर्व में ब्रम्हाजी स्वयं भगवान विष्णु की इस  प्रतिमा की पूजा किया करते थे जिसे उनके द्वारा कालान्तर में  भगवान राम  के पूर्वजो को सौंप दी गयी थी ! ऐसी मान्यता है कि जब विभीषण, भगवान विष्णु की इस  प्रतिमा को  विमान से अपने साथ ले कर लंका जा रहे थे तो रास्ते में उनको किसी कारण इस स्थान(श्रीरंगम) पर अपना विमान उतारना  पड़ा एवं जब विभीषण पुनः यहाँ से लंका को प्रस्थान करना चाहते थे तब  श्री रंगनाथस्वामी  द्वारा विभीषण को  अवगत  कराया  गया  कि पूर्व  में जब चोलराज धर्मवर्मा  द्वारा उन्हें  प्राप्त करने  के लिये  कठोर  तप  किया गया था तब  ऋषि -मुनियो  ने  राजा को यह आश्वासन दे कर तप  से  निवृत  किया था  कि श्री रंग जी यहाँ  स्वयं पधारने वाले हैं, इस लिये मेरी इच्छा अब  इसी  स्थान  पर   स्थापित होने की है ! साथ  ही भगवान ने  विभीषण को यह आशीर्वाद भी दिया  की मैं लंका की ओर मुख कर के,दक्षिणमुखी हो  कर यहाँ स्थित रहूँगा ! ऎसी मान्यता है कि सर्वप्रथम विभीषणजी  ने ही लंका के कारीगरों से यहाँ मन्दिर  का निर्माण कराया गया था !
वैकुण्ठ एकादशी के दिन श्रीरंगम में बहुत बड़ा महोत्सव आयोजित होता है जब भगवान  श्री रंगनाथस्वामी के  असंख्य भक्तगण यहाँ एकत्रित होते हैं ! इस अवसर पर श्री रंग जी  के मन्दिर का वैकुण्ठ द्वार खुलता है,  तथा  भगवान की उत्सव- मूर्ति इस द्वार से होती हुई एकसहस्त्र मण्डप में आती है  जिसके पीछे  श्रदालुओ को  भी वैकुण्ठ द्वार से निकलने का दुर्लभ अवसर प्राप्त होता है ! मन्दिर में वैकुण्ठ द्वार से श्रदालुओ के  गुजरने का  विशेष महत्व माना जाता है ! इस महोत्सव के समय मन्दिर में विशेष पूजा अर्चना सम्पन्न की जाती है!
                              

Thursday, 22 October 2015

हिन्दूओ के महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल

हिन्दूओ  के महत्वपूर्ण धार्मिक  स्थल-


पुराने समस्त तीर्थ एवं मन्दिर पृथ्वी के धनात्मक (Positive) ऊर्जा के केन्द्र हैं तथा इन तीर्थो /मन्दिरो  में दर्शन एवं प्रार्थना से मोक्ष प्राप्ति  व आध्यात्मिक लाभ  तो होता ही है  साथ ही वैज्ञानिक कारणों से भी सुख  और शांति  की प्राप्त  होती है ! जब  कोई व्यक्ति मंदिर  में नंगे पाँव प्रवेश करता है तो शरीर भूमि के सीधे सम्पर्क में आता  और नकारात्मक  विचार बाहर निकलने लगते है , जब  वह मूर्ति  के सम्मुख  हाथ  जोड़ता है  तो शरीर में ऊर्जा का  संचरण होता है ,जब  हम सिर झुकाते हैं तो मूर्ति  से परावर्तित तरंगे सकारात्मक  विचार लाती हैं !मन्दिर  में प्रार्थना/ उच्चारण करने  से शिखर  की भीतरी सतह से टकरा कर ध्वनि तरंगे शरीर की आवृति में सुधार लाती है  जिससे  की व्यक्ति को सुख  एवं विश्वास  का अनुभव होता है !
     
                            महत्वपूर्ण  धार्मिक स्थलों में सर्वप्रथम भारतवर्ष के चार कोनो में स्थित चारधाम  अति महत्वपूर्ण माने जाते है, जो निम्नवत है - 
      १-बद्रीनाथ धाम  उत्तराखण्ड 
      २-द्वारिकापुरी  गुजरात  
      ३-जगन्नाथ पुरी ओड़ीसा
      ४-रामेश्वरम धाम  तमिलनाडु

  उपरोक्त के अतिरिक्त, देश के विभिन्न स्थानो पर स्थित द्वादश (१२)  ज्योतिर्लिंग के दर्शन का विशेष महत्व  है  जो निम्नवत है -
   १- सोमनाथ  गुजरात
   २- भीमाशंकर महाराष्ट्र
   ३- त्रियम्बकेश्वर महाराष्ट्र
   ४- काशी विश्वनाथ उत्तरप्रदेश 
   ५- श्रीशैलम (मल्लिकार्जुन) आंध्रप्रदेश
   ६- केदारनाथ उत्तराखण्ड
   ७ -महाकालेश्वर मध्य प्रदेश
 ८- वैद्यनाथ (जो झारखण्ड प्रान्त में स्थित है ) परन्तु अनेक श्रद्धालु परली बैजनाथ स्थित मंदिर में स्थापित शिव लिंग को  भी ज्योतिर्लिंग मानते हैं !
  ९- रामेश्वरम तमिलनाडु
 १०-ओंकारेश्वर मध्य प्रदेश
 ११- घ्रिश्नेश्वर महाराष्ट्र
 १२- नागेश्वर  गुजरात

इसके अतिरिक्त भारतवर्ष में स्थित निम्न पाँच  नाथ मंदिरो के दर्शन किये जाने का भी विशेष महत्व माना गया है -
    १- बद्रीनाथ  उत्तराखण्ड
    २- द्वारिका नाथ गुजरात
    ३- श्री नाथ राजस्थान
    ४- जगन्नाथ ओड़ीसा
    ५ - रंगनाथ तमिलनाडु

  भारतवर्ष में स्थित निम्न सात मोक्षदायनी पुरी( नगरो )के भ्रमण अथवा इन में वास  करने को  भी अत्यंत  महत्वपूर्ण  माना गया है -
  १- काशी उत्तरप्रदेश
  २- अयोध्या उत्तरप्रदेश
  ३- उज्जैन (अवन्तिका ) मध्य प्रदेश
  ४- मथुरा उत्तरप्रदेश
  ५- हरिद्वार (मायापुरी ) उत्तराखण्ड 
  ६- द्वारिकापुरी गुजरात
  ७- काँचीपुरम  तमिलनाडु
   
उपरोक्त के अतिरिक्त हिन्दू धर्म से संबधित निम्न मन्दिरो की यात्रा /दर्शन  को अत्यधिक महत्वपूर्ण मानते हुये प्रतिदिन असंख्य श्रद्धालु  यहाँ दर्शन करने जाते है -
 १ - तिरुपति बालाजी मन्दिर आंध्रप्रदेश
 २- माता वैष्णो देवी मन्दिर जम्मू एंड कश्मीर 
 ३- मीनाक्षी-सुन्दरेश्वर मन्दिर तमिलनाडु 
 ४- पद्मनाथस्वामी मन्दिर केरल 

 उपरोक्त के अतिरिक्त माता  के महत्वपूर्ण  शक्तिपीठ  तथा देश में स्थित कुछ प्रधान देवी -विग्रह  और उनके स्थान निम्नवत है (यह सूची पूर्ण नहीं है ,देवी मन्दिर  एवं शक्तिपीठ के बारे में विद्वान  एवं श्रद्धालु अपनी -अपनी आस्था एवं शोध के अनुसार मान्यता  रखते हैं ,यहाँ केवल धार्मिक ग्रन्थों /पुस्तकों  में वर्णित कुछ महत्व पूर्ण देवी मन्दिरो का  ही  उल्लेख  किया जा  रहा है ) 
१- कामाख्या मंदिर  गुवाहाटी,आसाम  
२- कन्याकुमारी मन्दिर तमिलनाडु 
३- अम्बादेवी गुजरात 
४- विंध्यवासिनी देवी  उत्तरप्रदेश 
५- हरिसिद्धी मन्दिर  तथा गढ़ कालिका मन्दिर उज्जैन मध्य प्रदेश 
६- कालीघाट मन्दिर कोलकता पश्चिम बंगाल
७ -कात्यायनी देवी बृन्दाबन उत्तरप्रदेश
८ -अलोपी देवी  प्रयाग उत्तरप्रदेश

         उपरोक्त वर्णित धार्मिक स्थलों के अतिरिक्त निम्न  तीर्थो  के भ्रमण  का भी  विशेष  महत्व है-
१- बृन्दाबन उत्तरप्रदेश
२ -चित्रकूट उत्तरप्रदेश
३ -पुष्कर राजस्थान
४ -श्री रंगम  तमिलनाडू 
५ -प्रयाग उत्तरप्रदेश

     भारतवर्ष में लगभग प्रत्येक प्रान्त  में अनेको तीर्थ स्थल  एवं अनेकों मन्दिर  स्थित हैं तथा  श्रद्धालु अपनी आस्था  एवं श्रद्धा के अनुसार महत्वपूर्ण तीर्थ स्थलो व मन्दिरो को स्वयं सूचीबद्ध कर सकते हैं ! मेरे  द्वारा भी अपने इस पोस्ट में उपरोक्तानुसार  जिन तीर्थ स्थलो व मन्दिरो का उल्लेख किया  गया है,वह भी पूर्ण सूची  नहीं है ! वस्तुतःमै प्रथम चरण  में  जिन तीर्थ स्थलो व मन्दिरो के बारे  में अपने भ्रमण /जानकारी  के आधार पर लिखना चाहता हूँ  उनका ही  उल्लेख किया गया है ,इसके उपरान्त अन्य महत्वपूर्ण  तीर्थ स्थलो व मन्दिरो के बारे में भी अपने अनुभव के आधार  पर  लिखना चाहूँगा ! 

Saturday, 19 September 2015

सिद्धि विनायक मंदिर मुंबई -


 Related image

सिद्धि  विनायक मंदिर मुंबई -


देवताओं  में  प्रथम पूज्य भगवान  गणपति  के  विश्व प्रसिद्ध "सिद्धि  विनायक मंदिर मुंबई" की मान्यता सर्व विदित है !  यह मंदिर मुंबई  के  प्रभादेवी इलाके में स्थित  है जहां प्रतिदिन   असंख्य श्रद्धालु सिद्धि विनायक  के दर्शन कर अपनी  मनोकामनाओ के  पूर्ण  होने का वरदान  प्राप्त  करते  हैं  ! मन्दिर  के  सुसज्जित गर्भ गृह  में सिद्धि विनायक की  लगभग ढ़ाई फिट लम्बी  एवं दो फिट चौड़ी , चार भुजाओ वाली अत्यन्त भव्य व मनमोहक  प्रतिमा है जिन की सूड़ दाहिनी ओर घूमी हुई है !सिद्धि विनायक की प्रतिमा  के एक और रिद्धी  तथा दूसरी ओर सिद्धि  की  प्रतिमाए भी  स्थापित हैं जिन को कि  सफलता, सम्पन्नता एवं सौभाग्य  की  देवियाँ  माना  जाता है  !गर्भ गृह के बाहर परन्तु मंदिर परिसर के अन्दर ही  हनुमानजी  की स्थापित एक प्रतिमा   की भी पूजा अर्चना की जाती है ! मंदिर परिसर में   भगवान गणेश के वाहन मूषक की एक आकर्षक प्रतिमा भी स्थापित है ! ऎसी मान्यता है  कि  गणपति  को  प्रसाद में मोदक अधिक पसन्द है ! मन्दिर में  प्रवेश करने से पूर्व रास्ते में फूल -मालाओं ,नारियल एवं मोदक व लड्डुओं  आदि प्रसाद की अनेंक दुकाने स्थित हैं जहाँ से श्रद्धालु अपनी सुविधानुसार प्रसाद खरीद कर भगवान  को अर्पित कर सकते है !
             मंगलवार को सिद्धि विनायक  के दर्शन का विशेष महत्व है अतःसप्ताह के  इस दिन मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ होती है ! मन्दिर प्रबंधन में एक उच्च  स्तर की  गुणवत्ता प्राप्त कर लेने के फलस्वरूप इस मंदिर  को ISO 9001 : 2008 प्रमाण -पत्र  भी प्राप्त हुआ है ! मन्दिर के प्रांगड़ में फोटोग्राफ़ी की अनुमति नहीं है ! 
          महाराष्ट्र प्रान्त  में भगवान  गणपति के प्रति श्रद्धा एवं गणेश पूजन की परम्परा विशेष उल्लेखनीय है  तथा प्रान्त  में  विभिन्न आठ  स्थानों पर   गणेशजी   के जो अष्टविनायक मंदिर स्थित  हैं उन सभी  का विशेष महत्व माना गया है !
गत गणेश चतुर्थी   को मुझे मुंबई  के अनेक  गणेश मंडपों  के  भ्रमण  एवं  पूजा  अर्चना  में  सम्मलित  होने  का अवसर मिला! इस अवसर पर  श्रद्धा व भक्ति  के साथ -साथ  महाराष्ट्र की सांस्कृतिक विरासत की भी अनुभूति प्राप्त होती है! जिस उल्लास  और भक्ति से श्रद्धालु  गणेश  प्रतिमा  को ढोल  नगाड़ों के साथ पटाखे छोड़ते  हुए मंडप  में स्थापना हेतु ले जाते है ,उस जुलूस में   सम्मलित होना, तदुपरान्त  गणपति की पूजा अर्चना एवं सांयकालीन आरती  में भाग लेना  निश्चित  रूप से  एक  सौभाग्य का विषय है ! गणेश चतुर्थी से अनन्त चतुर्दशी तक यह उत्सव मनाया जाता है तथा इस अवधि में गणपति के मण्डपों में गणपति बप्पा मोरया  ,मंगल मूर्ती  मोरया  के जयकारों के साथ  श्रद्धालु अपना  श्रद्धा एवं  विश्वास व्यक्त करते दिखाई देते  हैं  !